काम के सिलसिले में दिल्ली गया था पूरा परिवार,इधर सूने मकान में हुई चोरी,नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
पूरा परिवार काम के सिलसिले में दिल्ली गया हुआ था। इधर सूना मकान पाते ही चोरों ने मकान में धाबा बोल दिया और मौके से कीमती सामान ले उड़े। शिकायत के बाद पुलिस टीम सक्रीय हुई और महज 24 घंटे के अंदर ही तीन चोरों समेत एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया। साथ ही चोरी का सामान भी बरामद किया। घटना छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पुछी गांव की है। पुलिस ने चोरों के कब्जे से चोरी किए गए पीतल के बर्तन और विद्युत उपकरण समेत करीब 30 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया।
जानकारी के मुताबिक पुछी गांव निवासी फरियादी किशोरी अहिरवार और उनके परिजन मजदूरी के लिए दिल्ली गए थे। तभी उनके बंद मकान में चोरी की वारदात हुई। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी रजत सकलेचा ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रीय किया। साथ ही तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों से पूछताछ की। इस तरह पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने विजय प्रजापति और बृजेश अहिरवार दोनों निवासी पुछी गांव और चंद्रभान उर्फ कृष राजपूत, निवासी गल्ला मंडी के पीछे छतरपुर, को गिरफ्तार किया। वहीं एक किशोर को अभिरक्षा में लिया।
पुलिस का कहना है की चोरी के बाद आरोपियों ने सामान को आपस में बांट लिया था। उनके कब्जे से पीतल के कई बर्तन, मिक्सी, और प्रेस समेत करीब 30 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। साथ ही आगे की कार्यवाई जारी है।-