घर के बाहर CCTV कैमरा लगवाना पड़ा महंगा, पड़ोसियों ने चला दिए लाठी-डंडे, परिवार के 3 घा यल
घर के बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाना एक युवक को महंगा साबित हुआ। इस बात से नाराज़ पड़ोसियों ने विवाद किया साथ ही लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। ये पूरी घटना भी कैमरे में कैद हो गयी है। मामला मुरैना जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के चंदपुरा गांव से सामने आया है। जिसकी शिकायत थाने में की गयी है।
बताया जा रहा है की कैमरे की लोकेशन सड़क की ओर होने से नाराज पड़ोसियों ने विवाद शुरू किया। साथ ही चार-पांच लोगों ने मिलकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उसके साथ परिवार के दो अन्य सदस्य भी घायल हुए। खास बात यह है की ये पूरी मारपीट की घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक रामपुर थाना अंतर्गत चंदपुरा गांव में रहने वाले 25 साल केक कृष्णपाल जाटव ने पुलिस में शिकायत की है। उसने बताया की सुरक्षा की दृष्टि से अपने घर के बाहर दो सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। दोनों कैमरों की लोकेशन सड़क की तरफ थी। जिस वजह से पड़ोसियों के घर के सामने की सड़क का हिस्सा भी कैमरे में रिकॉर्ड हो रहा था। इसी बात पर पड़ोसी वीरेंद्र नीबोरिया, हरीसिंह नीबोरिया और अन्य लोगों ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है की इसके बाद चार-पांच लोग लाठी-डंडे लेकर कृष्णपाल के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे वह घायल हुआ। उसे बचाने पहुंचे परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चंदपुरा गांव निवासी वीरेंद्र पुत्र मुन्ना नीबोरिया, हरीसिंह नीबोरिया, रविकांत नीबोरिया और सचिन नीबोरिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।