कांग्रेस का हल्ला बोल प्रदर्शन, प्रदेश उपाध्यक्ष की टीआई से नोंक-झोंक और धक्का-मुक्की,फिर चेतावनी !
डैम विस्थापितों के न्याय के लिए यूथ कांग्रेस ने जबरदस्त हल्लाबोल प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस चौकी का घेराव करने के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष और थाना प्रभारी के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई। इसके अलावा धक्का-मुक्की भी हो गयी। ये तस्वीरें पन्ना जिले से सामने आई हैं।
दरअसल पन्ना जिले में रुंझ और मझगाये डैम विस्थापितों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज और टपरियन गांव की ठप पड़ी बिजली व्यवस्था को लेकर सियासत पूरी तरह गरमाई हुई है। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार के नेतृत्व में हनुमतपुर पुलिस चौकी का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया। माहौल तब बेहद तनावपूर्ण हो गया। जब यूथ कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार और अजयगढ़ थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई।
बताया गया की ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं का गंभीर आरोप है की बीते 27 सितंबर की रात पुलिस और प्रशासनिक अमले ने कुंवरपुर और रुंझ विस्थापित क्षेत्र में बर्बरता की सारी हदें पार करते हुए बेकसूर महिलाओं, बुजुर्गों और मासूम बच्चों पर डंडे बरसाए। इसके अलावा टपरियन गांव में कई दिनों से बिजली काटकर ग्रामीणों को अंधेरे में रहने पर मजबूर किया जा रहा है।
एसडीएम और थाना प्रभारी अजयगढ़ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए यूथ कांग्रेस ने मांग की है की मारपीट करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। गांव की बिजली बहाल हो और बिना पूर्ण मुआवजे के विस्थापितों को बेदखल न किया जाए। यूथ कांग्रेस ने चेतावनी देते हुए कहा की अगर प्रशासन ने समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की, तो वे पुलिस थाने पर कब्जा कर उग्र आंदोलन करेंगे।