काफिले के आगे फॉर्च्यूनर से स्टंट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के बेटे पर FIR
शंकराचार्य के काफिले के आगे चलती फॉर्च्यूनर कार से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति के पुत्र नीर प्रजापति के खिलाफ मुंगवानी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो एमपी के नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी थाना क्षेत्र के जंगल के रास्ते का है। वीडियो में एक काली फॉर्च्यूनर कार दिखाई दे रही है। कार का आगे का दरवाजा खुला हुआ है और एक युवक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर स्टंट करता नजर आ रहा है।
जिस समय यह घटनाक्रम हुआ, उस दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का काफिला भी आगे चल रहा था। वीडियो में कार के पीछे पुलिस वाहन भी दिखाई देने की बात सामने आई है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने चल रही एक अन्य गाड़ी से रिकॉर्ड किया गया था। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पुलिस के संज्ञान में आया।
वीडियो सामने आने के बाद मुंगवानी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने नीर प्रजापति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 285 तथा मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, घटनास्थल और वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन एवं व्यक्ति से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और स्टंट करने वाले व्यक्ति की भूमिका क्या थी।
मामले को लेकर एडिशनल एसपी संदीप भूरिया ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की परिस्थितियों और मामले में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।