MP में 5 साल के बच्चे के घा यल होने पर स्कूल को नोटिस, मान्यता खत्म करने की चेतावनी !
एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के भगवां में पांच साल के मासूम के पैर में चोट लगने के मामले ने निजी स्कूल प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कक्षा-1 के छात्र नीरज लोधी के घायल होने के बाद शिक्षा विभाग ने ॐ सरस्वती ज्ञान मंदिर, भगवां के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में विद्यालय संचालक रविंद्र प्रसाद शुक्ला और विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आने की बात कही गई है।
जिला शिक्षा केंद्र छतरपुर द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो और प्रकाशित खबरों के आधार पर जनपद शिक्षा केंद्र बड़ामलहरा के अधिकारियों ने स्कूल का निरीक्षण किया था। जांच में कक्षा-1 में पढ़ने वाले पांच वर्षीय छात्र नीरज लोधी के पैर में चोट और क्षति होने का उल्लेख किया गया।
लेकिन मामला सिर्फ बच्चे के घायल होने तक सीमित नहीं रहा। जांच के दौरान स्कूल के शैक्षणिक और प्रशासनिक रिकॉर्ड को लेकर भी कई गंभीर सवाल सामने आए। नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय में करीब 120 छात्र होने के बावजूद शिक्षा पोर्टल पर केवल 99 छात्रों का नामांकन दर्ज है। इनमें से 67 छात्रों की यू-डाइस पोर्टल पर प्रोफाइल अपडेट की गई है, जबकि केवल 51 छात्रों की आधार आईडी जनरेट होना बताया गया है। विभाग ने यह भी उल्लेख किया कि जनपद शिक्षा केंद्र स्तर पर आयोजित बैठकों में विद्यालय की ओर से कोई उपस्थिति नहीं होती और शासन की योजनाओं को पूरा करने में भी अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई।
इसके अलावा, छात्रों के परिवहन के लिए विद्यालय में एक टाटा मैजिक वाहन उपलब्ध कराया गया है, जो संचालक के नाम दर्ज बताया गया है। विभागीय नोटिस में कहा गया है कि इसकी जानकारी शिक्षा विभाग को उपलब्ध नहीं कराई गई। इन तमाम बिंदुओं के आधार पर जिला शिक्षा केंद्र ने स्कूल के संचालन पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई क्यों न की जाए। अब स्कूल संचालक को अपने पक्ष में सुसंगत अभिलेखों सहित तीन दिन के भीतर जिला शिक्षा केंद्र के समक्ष स्पष्टीकरण देना होगा। इसके बाद विभागीय जवाब और अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।