सागर- सड़क पर मवेशियों को बचाना पड़ा महंगा, कोटा स्टोन से भरा बेकाबू ट्रक तार फेंसिंग तोड़ पहुंचा खेत में
सड़कों पर आवारा घूमने वाले मवेशी आये दिन हादसों का शिकार बन रहे हैं लेकिन इस ओर ज़रा भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सागर के खुरई थाना क्षेत्र से फिर एक हादसा सामने आया। जिसमें मवेशियों को बचाने के प्रयास में कोटा स्टोन से भरा हुआ ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था जिसे प्राथमिक इलाज के बाद सागर रैफर किया गया। घटना में करीब तीन लाख के नुक्सान की बात सामने आई।
बताया जा रहा है की ये पूरी घटना खुरई-बीना नेशनल हाईवे पर निर्तला के पास से सामने आई है। जहां मवेशियों को बचाने की कोशिश एक ट्रक चालक पर भारी पड़ गई। ट्रक खेत की तार फेंसिंग तोड़ते हुए खेत में जाकर पलटा। एक तरफ व्यापारी को लाखों का नुक्सान हुआ वहीं दूसरी तरफ खेत मालिक को भी नुक्सान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक ये ट्रक कोटा से कोटा स्टोन भरकर बंडा जा रहा था। लेकिन सामने से अचानक आये मवेशियों को बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर जा पलटा। चालक चंदू सौर निवासी बंडा ने ट्रक को संभालने की कोशिश की। लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। इस हादसे में चालक को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद सागर रेफर किया गया। व्यापारी विमल कुमार जैन ने बताया की ट्रक और उसमें भरे कोटा स्टोन को मिलाकर करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं खेत मालिक राजीव दुबे की तार फेंसिंग पूरी तरह टूट गई। जिससे उन्हें भी नुकसान उठाना पड़ा।-