हाईवे पर दौड़ रहे आलू से भरे ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई ज़िंदगी, धू-धू कर जल उठा ट्रक
हाईवे पर दौड़ रहे आलू से भरे हुए एक ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप की स्थिति बन गयी। उसके चालक ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। अगर वह समय पर नहीं हटता तो ज़िंदा जल जाता। इस दौरान पूरे ट्रक को आग ने अपनी चपेट में ले लिया जिससे वह धू-धू कर जल उठा। घटना मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे 44 से सामने आई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान काफी नुकसान की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि ट्रक आलू से भरा हुआ था। जो धौलपुर से ग्वालियर की ओर जा रहा था। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 स्थित सिकरौदा नहर के पास हुई। ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि आग की चपेट में आने से ट्रक को काफी नुकसान हुआ है।
शुरूआती जानकारी में ट्रक में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही थी। लेकिन फिलहाल तक इसके वास्तविक कारण साफ नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है साथ ही आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।