Sagar- तीन साल पहले लिए संकल्प को परिवार ने किया पूरा, दुनिया से जाने के बाद भी किये जाएंगे याद
कहते हैं की जीते जी कुछ ऐसा कर जाओ की लोग आपको याद रखें, लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं तो दुनिया से जाने के बाद भी हमेशा याद किये जाते हैं। कुछ ऐसा ही सागर के बीना निवासी 90 साल के फूलचंद जैन शास्त्री के परिवार के लोगों ने भी किया है। तीन साल पहले लिए गए देहदान के संकल्प को पूरा किया गया है। फूलचंद जैन के निधन के बाद परिजनों ने उनकी पार्थिव देह को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को सौंप दी।
बताया गया की बीना के कानूनगो वार्ड निवासी फूलचंद जैन शास्त्री ने 31 अक्टूबर 2023 को देहदान का पंजीयन कराया था। निधन के बाद परिजनों ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज सागर को दान कर दी। इस दौरान घर से प्रतीक स्वरूप अंतिम यात्रा भी निकली। लेकिन यह यात्रा श्मशान तक नहीं पहुंची। खुरई रोड ओवरब्रिज के पास मेडिकल कॉलेज की वैन पहुंची। जहां परिजनों और समाजजनों ने अंतिम विदाई देकर देह मेडिकल कॉलेज को सौंप दी।
गौरतलब है की फूलचंद शास्त्री लंबे समय तक सर्वोदय चौराहे पर पान की दुकान संचालित करते रहे। उनका यह संकल्प अब चिकित्सा शिक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी बनेगा।------