पॉलीथिन के गोदाम पर रेड, 5 क्विंटल स्टॉक जब्त; दुकानदार पर 5 हजार का जुर्माना
एमपी के गुना के सदर बाजार में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ नगर पालिका ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह अचानक नगर पालिका की टीम ने एक गोदाम पर दबिश दी। जांच के दौरान यहां बड़ी मात्रा में अमानक पॉलीथिन और कैरीबैग का स्टॉक मिला। कार्रवाई के दौरान करीब 5 क्विंटल पॉलीथिन जब्त की गई है। वहीं गोदाम संचालक पर 5 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। नगर पालिका को सदर बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित पॉलीथिन के भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम बुधवार सुबह बाजार पहुंची और व्यापारी मूलचंद जैन के गोदाम की जांच शुरू की। अधिकारियों ने गोदाम के अंदर रखे सामान की पड़ताल की तो बड़ी संख्या में पॉलीथिन और कैरीबैग के बंडल मिले।
इसके बाद नगर पालिका की टीम ने पूरे स्टॉक की जांच कर उसकी तौल कराई। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार गोदाम से करीब 5 क्विंटल अमानक पॉलीथिन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है। टीम ने मौके पर ही पूरा स्टॉक जब्त कर लिया और गोदाम संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सदर बाजार के दुकानदारों और व्यापारियों में खलबली मच गई। आसपास के व्यापारी कार्रवाई देखने के लिए जमा हो गए। बाजार में चर्चा शुरू हो गई कि नगर पालिका आने वाले दिनों में अन्य दुकानों और गोदामों पर भी प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर जांच कर सकती है।
नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित पॉलीथिन शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए बड़ी समस्या है। पॉलीथिन के कारण नालियां जाम होने के साथ कचरा प्रबंधन में भी परेशानी होती है। इसी को देखते हुए शहर में पॉलीथिन के निर्माण, भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई सीएमओ शैलेश अवस्थी की मौजूदगी में की गई। उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल और भंडारण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक और व्यापारी की भी जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।