प्रेमी संग गई युवती ने कहा- अपनी मर्जी से गए, वायरल वीडियो ने बदली कहानी, अपहरण का शोर...
एमपी के उज्जैन के लालबाई-फूलबाई क्षेत्र में देर रात युवती के कथित अपहरण की शिकायत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एक क्रेन चालक पिता ने पुलिस थाने पहुंचकर अपनी 20 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत की और पुलिस को एक वीडियो दिखाते हुए अपहरण की आशंका जताई। मामला युवती से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और उसकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दीं। पुलिस टीमों ने रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच अगले दिन सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल हुआ, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
वायरल वीडियो में युवती एक युवक के साथ दिखाई दे रही है। दोनों ने वीडियो में अपना नाम और उम्र बताते हुए दावा किया कि उनका अपहरण नहीं हुआ है और वे अपनी मर्जी से साथ गए हैं। युवती और युवक ने यह भी कहा कि वे जल्द शादी करने के बाद खुद पुलिस और परिवार के सामने पेश होंगे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेना जारी रखा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केवल सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर मामले को खत्म नहीं माना जा सकता। युवती की सुरक्षित बरामदगी और पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट करने के लिए पुलिस की तलाश जारी है।
सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि पुलिस के पास रात में युवती के पिता की ओर से बेटी के लापता होने की शिकायत आई थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित पक्ष के पुलिस विभाग से जुड़े होने की चर्चा सही नहीं है। सीएसपी के मुताबिक, वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस के संज्ञान में है, लेकिन जांच अभी जारी है। पुलिस युवती तक पहुंचने और उसके बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह अपनी इच्छा से युवक के साथ गई है या घटना के पीछे कोई अन्य परिस्थिति है। फिलहाल पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। युवती के बरामद होने और उसके बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।