Sagar- अपराधों की रोकथाम करने कैमरे लगाने पर ज़ोर, व्यापारियों को बुलाकर पुलिस के निर्देश
सागर जिले के गढ़ाकोटा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने व्यापारियों समेत पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य लोगों के साथ बैठक की। जिसमें मुख्य मार्गों और दुकानों के आसपास CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सागर एसपी अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के तहत गढ़ाकोटा थाने में पुलिस ने सराफा व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों और प्रतिष्ठान संचालकों के साथ बैठक कर निर्देश दिए। इस दौरान व्यापारियों के सुझाव भी सुने गए।
रहली एसडीओपी प्रकाश मिश्रा की मौजूदगी में थाना प्रभारी गौरव तिवारी समेत पुलिस अधिकारी और व्यापारीगण मौजूद रहे। इस दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी ज़रूरी दिशा-निर्देश देते हुए पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। साथ ही अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर हाईटेक कैमरे लगाने पर विशेष जोर दिया।
साथ ही जो कैमरे पहले से लगे हैं उन्हें सुचारु रखने की समझाइश दी। पुलिस ने कैमरों की दिशा और एंगल इस प्रकार निर्धारित करने पर जोर दिया। जिससे प्रतिष्ठान के अंदरूनी हिस्से के साथ प्रवेश और निकास द्वार, मुख्य मार्ग और आसपास के आवागमन वाले क्षेत्र भी कैमरों की निगरानी में रहें। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के अलावा किसी भी घटना की स्थिति में महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में मदद मिल सकेगी।
अधिकारियों ने सराफा दुकानों और पेट्रोल पंपों की संवेदनशीलता को देखते हुए संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। व्यापारियों से कहा गया कि वह अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस दौरान बताया गया की अपराधों की रोकथाम और घटनाओं के त्वरित खुलासे में सीसीटीवी कैमरे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान कई लोगों की मौजूदगी रही।