सागर- छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा कदम, कैमरों से होगी सुरक्षा,पंप संचालकों को भी निर्देश
सागर के खुरई में महिला अपराध खासकर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर एक पहल की शुरुआत की गयी है। पुलिस ने स्कूल परिसरों और स्कूल के बाहर हाईटेक कैमरे लगाए जाने पर ज़ोर दिया। इसी को लेकर स्कूल प्राचार्यों और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ भी खुरई ग्रामीण थाना पुलिस ने बैठक आयोजित की थी। जहां एसडीओपी काजल सिंह ने कैमरे लगाए जाने की बात कही। इसके अलावा पुलिस और स्कूलों के बीच बेहतर समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए।
बताया गया की खुरई ग्रामीण थाने में आयोजित बैठक में एसडीओपी काजल सिंह ने क्षेत्र के स्कूलों के प्राचार्यों से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। नाबालिगों के साथ होने वाले अपराधों की जानकारी और उनकी रोकथाम के उपायों पर भी बात हुई। इसी दौरान पुलिस ने सभी स्कूलों में परिसर के साथ-साथ स्कूल के बाहर भी कैमरे लगाने की समझाइश दी। प्राचार्यों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए गए। पुलिस और स्कूल प्रबंधन के बीच त्वरित सूचना और समन्वय के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ भी बैठक हुई। जिन्हे पूरे परिसर और बाहर सड़क की ओर भी हाई क्वालिटी कैमरे लगाने की सलाह दी गई। रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने और पहले से लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग का कम से कम 60 दिन का बैकअप रखने को कहा गया। पुलिस ने कहा की खुरई क्षेत्र में कैमरों का विस्तृत नेटवर्क तैयार करने और ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र को कैमरों की निगरानी में लाने में पुलिस की ओर से भी सहयोग किया जाएगा।---