बीयर से भरा ट्रक पकड़ा, 40 लाख की 1230 पेटी जब्त; ड्राइवर गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
एमपी के धार जिले के मनावर क्षेत्र में ग्रामीणों ने बीयर से भरे एक ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मंगलवार रात कल्याणपुरा-रनगांव मार्ग पर टोल के पहले पकड़े गए वाहन की तलाशी में बड़ी मात्रा में बीयर बरामद हुई। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद बीयर की कीमत करीब 40 लाख 44 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक धनखेड़ी फाटा के पास वाहन क्रमांक GJ 06 BT 4066 को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर माउंट एवरेस्ट कंपनी की माउंट 6000 बीयर की 1230 पेटियां मिलीं। पुलिस के अनुसार प्रत्येक पेटी में 24 कैन थे और हर कैन में 500 मिलीलीटर बीयर थी। इस तरह कुल 14,760 बल्क लीटर बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख 44 हजार 240 रुपए है।
पुलिस ने बीयर के साथ करीब 15 लाख रुपए कीमत का आयशर ट्रक भी जब्त किया है। मौके से 22 वर्षीय चालक योगेश पिता श्रवण योगी, निवासी बिल्लोद, थाना बेटमा, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया गया। वहीं वाहन मालिक राजेंद्र सिंह पिता गणेश सिंह बैस, निवासी इंदौर के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) और 36 के तहत मामला दर्ज किया है। इधर, ट्रक पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने बाकानेर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी कई आरोप लगाए। ग्रामीणों का दावा है कि पुलिस चौकी के आसपास, कॉम्प्लेक्स, बायपास भुवादा रोड, इंदौर रोड और शासकीय शराब दुकान के आसपास अवैध शराब बिक्री की शिकायतें हैं।
ग्रामीणों ने शासकीय शराब दुकान के अहाते में शराब पिलाए जाने और सुबह करीब 8 बजे से रात 2 बजे तक बिक्री होने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन गतिविधियों के कारण जाटपुर, भगवानपुरा और डावरपुरा की ओर आने-जाने वाले किसानों और छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन शिकायतों की जांच कर अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शराब की सप्लाई और परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।