सागर- बाइक से लौट रहा था युवक, हाईवे पर अचानक सामने आ गया मवेशी, घायल युवक हुआ रैफर
सड़कों पर आवारा फिरने वाले और सड़कों पर डेरा जमाकर बैठने वाले मवेशी हादसों और लोगों की परेशानियों का सबब बने हुए हैं। इसी तरह सागर के खुरई थाना क्षेत्र में भी एक घटना हुई। जिसमें बाइक सवार के सामने मवेशी आ जाने से उसकी जबरदस्त टक्कर हो गयी। जिससे युवक बुरी तरह घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रैफर करना पड़ा। बताया गया की खुरई-सागर हाईवे पर अचानक सड़क पर आए मवेशी की वजह से युवक हादसे का शिकार हुआ। वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ था। जिसे खुरई सिविल अस्पताल लाया गया। जहां से सागर रेफर किया।
ये पूरी घटना बनहट गांव के पास की है। पुराने जनपद चौराहा खुरई निवासी 32 साल का कमलेश प्रजापति सागर से बाइक से खुरई लौट रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर मवेशी आ गया और बाइक उससे टकरा गई। हादसे में कमलेश के सिर और कान में गंभीर चोट आई है। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट विनोद राय और ईएमटी राहुल अहिरवार मौके पर पहुंचे। घायल को खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका प्राथमिक इलाज हुआ। लेकिन कमलेश की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सागर रेफर कर दिया।
इस घटना के बाद एक बार फिर हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बैठे मवेशी खासकर रात के समय वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। लोगों ने हाईवे से मवेशियों को हटाने और हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की है।