सागर- परिवार के लोग सोते रहे इधर घर में सेंध लगा गए चोर, छत के रास्ते कमरों में घुसकर उड़ाए गहने-नगदी
सागर जिले के खुरई शहरी थाना क्षेत्र से चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां परिवार के लोग दूसरे कमरों में सोते रहे और चोर छत के रास्ते से घर में घुसकर जेवर और नगदी ले उड़े। हैरानी की बात ये है की चोरी की वारदात के दौरान घर के सदस्यों को इस बात की ज़रा भी भनक नहीं लगी।बताया गया की अज्ञात चोर करीब ढाई लाख रूपये के जेवर और 25 हजार रूपये नगदी लेकर चम्पत हो गए। ये पूरी घटना खुरई शहरी थाना क्षेत्र के अब्दुल कलाम वार्ड से सामने आई है। सुबह जब परिवार के लोगों ने सामान बिखरा पड़ा हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने इस बात की शिकायत थाने में की है।
बताया जा रहा है की अब्दुल कलाम वार्ड निवासी आज़ाद खान के घर में परिवार के सदस्य अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते से घर में दाखिल हुए। उन्होंने उन दो कमरों को निशाना बनाया। जहां कोई नहीं सो रहा था। चोर सोने का मंगलसूत्र, गठिया, चांदी की पायल, करधौनी, बच्चों के जेवर और चूरा समेत अन्य सामान ले गए।
इसके अलावा 25 हजार रुपए नकद भी चुरा लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। कमरों में सामान बिखरा मिलने के बाद परिवार को चोरी का पता चला। पीड़ित का कहना है की उसकी और आसपास के लोगों की छतें आपस में जुड़ी हुई हैं। संभवतः चोर इसी का फायदा उठाकर कमरों में घुसे होंगे। पीड़ित परिवार ने शहरी थाने पहुंचकर शिकायत की। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।