MP | रीवा-सीधी सीमा पर ओडिशा पुलिस पर फाय रिं ग, NDPS आरोपी को छुड़ाकर फरार
एमपी के सीधी जिले में रीवा-सीधी सीमा पर मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ओडिशा पुलिस की टीम पर फायरिंग कर एक NDPS मामले के आरोपी को छुड़ाकर ले जाने की घटना सामने आई। वारदात रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी में दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सीधी और रीवा पुलिस अलर्ट हो गई और दोनों जिलों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, रीवा जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले आदित्य मिश्रा को ओडिशा पुलिस ने पिछले महीने रीवा के बिछिया इलाके से गिरफ्तार किया था। मंगलवार को ओडिशा पुलिस की टीम उसे रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए शहडोल की ओर से लेकर आ रही थी।
इसी दौरान आदित्य मिश्रा के साथियों को पुलिस टीम की लोकेशन की जानकारी होने की बात सामने आई। आरोप है कि तीन वाहनों में सवार होकर बदमाश छुहिया घाटी पहुंचे और पुलिस टीम को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने फायरिंग की और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया। इसके बाद सभी आरोपी वाहनों से मौके से फरार हो गए। ओडिशा पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए। घटना के समय टीम में कुल आठ पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिसकर्मियों के पास AK-47, पिस्टल समेत अन्य हथियार होने की जानकारी दी गई है। इसके बावजूद आरोपी को छुड़ाकर ले जाने की घटना ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंचे। रीवा रेंज के डीआईजी और दोनों जिलों के अलग-अलग थानों के पुलिस अधिकारी भी छुहिया घाटी पहुंचे और सर्चिंग अभियान शुरू किया। पुलिस ने रीवा और सीधी जिले में नाकेबंदी कर दी है। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि वारदात के बाद आरोपियों की गाड़ियां मैहर जिले की ओर जा सकती हैं। इसके चलते आसपास के इलाकों में भी वाहनों की जांच और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। फिलहाल फायरिंग और मारपीट की घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है। पुलिस की टीमें फरार आरोपी आदित्य मिश्रा और उसे छुड़ाकर ले जाने वाले लोगों की तलाश में जुटी हैं। मामले की जांच के साथ पुलिस आसपास लगे CCTV और अन्य सुरागों को भी खंगाल रही है।