आरक्षक के सरकारी आवास में लाखों की चोरी,गहने समेत नगदी ले उड़े चोर, बहन का इलाज कराने गया था परिवार
चोरों से अब खुद पुलिस भी सुरक्षित नहीं है उनके हौसले इतने बुलंद हैं की वह पुलिस वालों के घरों में चोरी करने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला भी सामने आया है। जहां पुलिसकर्मी का परिवार बहन का इलाज कराने बाहर गया था। तभी चोर घर में सेंध लगाकर लाखों रूपये के गहने और नगदी चुरा ले गए। हैरानी की बात तो ये भी है की 12 घंटे बाद भी एफआईआर नहीं लिखी जा सकी थी। सरकारी आवास में चोरी की ये वारदात मुरैना जिले के पुलिस लाइन क्षेत्र की है जहां एसएएफ के सरकारी आवास बने हुए हैं।
ये पूरा मामला एसएएफ आवास के क्वार्टर नंबर चार का है। यहां पांचवीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक अरुण सिंह भदौरिया अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार तीन दिन पहले कानपुर गया था। आरक्षक के बेटे आदित्य भदौरिया ने बताया की उनकी बहन की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें ग्वालियर से कानपुर रेफर किया गया था। जिससे पूरा परिवार कानपुर गया था और मकान में ताला लगा हुआ था। जब परिवार वापस लौटा तो सभी दंग रह गए। घर के बाहर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मुख्य गेट के ऊपर दीवार की ईंटें निकली हुई थीं। घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे करीब सात से आठ तोला सोने के गहने और लगभग 60 हजार रुपये की नकदी गायब थी। सरकारी आवास में चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को बुलाकर जांच कराई गई। पुलिस ने घटनास्थल से चोरों से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
बताया गया की इसी एसएएफ आवासीय परिसर में बीते हफ्ते मंगलवार को अरुण सिंह भदौरिया के पड़ोस में रहने वाले एक अन्य कर्मचारी के घर में भी चोरी हुई थी। लगातार चोरियों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।--