अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री का खुलासा, 59 कारतूस और हथियार बरामद, आरोपी गिरफ्तार
एमपी के दतिया में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ धीरपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम लेंतरा हार में एक मकान और पास बनी झोपड़ी में दबिश देकर बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार निर्माण का यह काम कब से चल रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लेंतरा हार में बने एक घर और उसके पास की झोपड़ी में अवैध हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद धीरपुरा थाना पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी मनोज यादव मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने मकान और झोपड़ी की तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान पुलिस को एक 12 बोर की दुनाली बंदूक, दो देशी अधिया 315 बोर, एक अधिया और दो अधबने कट्टे मिले। इसके अलावा 315 बोर के 23 और 12 बोर के 36 राउंड बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल 59 कारतूस जब्त किए गए हैं। पुलिस को मौके से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला। इसमें ग्राइंडर और ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, भट्टी, लोहे की रॉड और पाइप, निहाई, हथौड़े, छैनी, प्लास और रेतनी जैसी सामग्री शामिल है। इसके साथ ही ट्रिगर, स्प्रिंग, नाल के टुकड़े, गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी मनोज यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(a), 25(1)(b) और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 29 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में हथियार निर्माण से जुड़े अन्य लोगों, बरामद सामग्री कहां से लाई गई और तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां की जानी थी, जैसे बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अवैध हथियार निर्माण से जुड़े नेटवर्क को लेकर और खुलासे हो सकते हैं।