सास-बहू समेत 4 की मौत, 8 पहुंचे अस्पताल, एक्सप्रेस-वे पर दो बड़े हादसे, खाई में गिरीं कारें
एमपी के रतलाम जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की सुबह दो अलग-अलग हादसों ने हड़कंप मचा दिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में दो कारें सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरीं। दोनों हादसों में पंजाब और गुजरात के परिवारों के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों कारों को खाई से बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पहला हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के मुताबिक, पंजाब का एक परिवार कार नंबर MH48 AK 4833 से मुंबई की ओर जा रहा था। इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आने की बात सामने आई। कार 8 लेन के बीच लगी रेलिंग को तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और उनकी 32 वर्षीय बहू मनप्रीत कौर की मौत हो गई। सुबह दूसरी गाड़ियों के चालकों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को पहले जावरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पहले हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की रेलिंग टूट गई थी। पुलिस मौके का निरीक्षण कर ही रही थी कि करीब दो घंटे बाद सुबह साढ़े छह बजे दूसरा हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक, गुजरात के दाहोद का परिवार कार नंबर GJ20 CB 4610 से उत्तर प्रदेश से इलाज कराकर लौट रहा था। इसी दौरान कार टूटी हुई रेलिंग के हिस्से से टकराकर हवा में उछली और खाई में जा गिरी।
दूसरे हादसे में कार चालक 35 वर्षीय रवि हटीला समेत दो पुरुषों की मौत हुई है। रवि के परिजन रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस चौकी पर बयान दर्ज कराए। परिवार में उनकी पत्नी रेणुका और तीन बच्चे कार्तिक, पूर्वी और आयुष हैं। दोनों हादसों में पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त कारों को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला गया। हादसों के कारणों और एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस जांच कर रही है।