सागर- बहन से प्रेम विवाह और तलाक से नाराज था साला ने जीजा की ह त्या, मुख्य आरोपी समेत साथी गिरफ्तार
सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत उसके फरार साथी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार शाम होटल पैराडाइज के सामने हुई इस वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी जय द्विवेदी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि फरार चल रहे उसके साथी राजुल सेन को भी अब दबोच लिया गया है। मंगलवार को पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल के रूप में हुई है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो युवक अंकित के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान अंकित पर लोहे के पाइप से कई वार किए गए। बताया जा रहा है कि करीब 16 सेकंड के वीडियो में 14 वार किए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है। बताया गया है कि अंकित ने वर्ष 2020 में जय द्विवेदी की बहन से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों के बीच तलाक हो गया। पुलिस के अनुसार, जय इस विवाह से पहले से नाराज था और अपनी बहन की शादी अपने समाज के युवक से कराना चाहता था। तलाक के बाद भी अंकित अपनी पूर्व पत्नी के साथ रहने की बात कह रहा था। पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर जय और अंकित के बीच विवाद और रंजिश बनी हुई थी। रविवार शाम दोनों पक्षों का सामना हुआ, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि जय और उसका साथी राजुल सेन अंकित को पीटने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मकरोनिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगाई। पुलिस ने मुख्य आरोपी जय द्विवेदी को सोमवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद फरार साथी राजुल सेन को भी पकड़ लिया गया। मंगलवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस मामले में वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। हत्या के पीछे बताए जा रहे पारिवारिक विवाद और घटनाक्रम की पूरी कड़ी को पुलिस जांच में शामिल किया गया है।