सागर में सरेआम दबंगई ! सवारी बैठाने को लेकर ई-रिक्शा चालक भिड़े, हाथ में लाठी लेकर दौड़ता दिखा युवक
सागर शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल बस स्टैंड के पास मंगलवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब सवारी बैठाने को लेकर दो ऑटो चालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में लाठी लेकर दिखाई दे रहा है और दूसरे युवक की ओर हमला करने के लिए बढ़ता नजर आ रहा है। इस दौरान उसका साथी उसे रोकने की कोशिश करता दिखाई देता है।
बताया जा रहा है कि बस स्टैंड के पास कॉरिडोर के मुहाने पर सवारी बैठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। सड़क पर हुए इस हंगामे के कारण कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना में ई-रिक्शा चालक सचिन कुमार ने अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। सचिन का कहना है कि सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनती है और इसी तरह की दबंगई की जा रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के इतने व्यस्ततम इलाके में दिनदहाड़े इस तरह विवाद और मारपीट की नौबत कैसे आ गई। दोपहर करीब 3 बजे हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। राहगीरों और सवारियों की मौजूदगी के बीच हाथ में लाठी लेकर युवक का नजर आना लोगों के लिए भी चिंता का विषय बन गया।
घटना के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह दबंगई दिखाई देने वालों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है?