काले कुत्ते ने 2 दिन में 35 लोगों को का टा; कई इलाकों में दहशत, नगर पालिका ने पकड़ा
एमपी के शिवपुरी शहर में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। मनियर इलाके से शुरू हुआ कुत्ते के हमलों का सिलसिला राजेश्वरी रोड और पुरानी शिवपुरी तक पहुंच गया। शनिवार और रविवार के दौरान एक काले कुत्ते के काटने से करीब 35 लोगों के डॉग बाइट का शिकार होने की जानकारी सामने आई है। बच्चों से लेकर बड़े तक कुत्ते के हमले की चपेट में आए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को मनियर इलाके में एक काले कुत्ते ने अचानक लोगों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि कुत्ता राह चलते लोगों पर हमला कर रहा था। इसके बाद वह दूसरे इलाकों की ओर चला गया और राजेश्वरी रोड तथा पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में भी कई लोगों को काटने की घटनाएं सामने आईं।
लगातार लोगों के घायल होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया। लोग रास्ते में निकलने से भी सतर्क नजर आए। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से घर से बाहर भेजने में लोगों ने सावधानी बरती। मामले की जानकारी नगर पालिका टीम को मिली तो टीम सक्रिय हुई। कड़ी मशक्कत के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों ने काले कुत्ते को पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के झुंड लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में परेशानी का कारण बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि जब बड़ी घटना सामने आती है, तभी नगर पालिका की टीम सक्रिय होती है। लोगों की मांग है कि आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए। वहीं, डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं के बीच स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों के उपचार की जानकारी दी है। सिविल सर्जन डॉ. रामप्रताप चौहान के मुताबिक, शनिवार से रविवार तक डॉग बाइट के करीब 35 मामले सामने आए हैं। सभी प्रभावित लोगों का उपचार किया गया है। एक कुत्ते के लगातार कई इलाकों में लोगों को काटने की घटना ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को फिर चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि नगर पालिका इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई के साथ स्थायी नियंत्रण के लिए क्या कदम उठाती है।