मां की मौ त से सनसनी, छोटे बेटे पर और बहू पर बड़े-बड़े आरोप और फिर!
एमपी के मुरैना शहर के सिद्ध नगर में पारिवारिक विवाद के बाद एक 60 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला ने कीटनाशक की गोलियां खाई थीं। मृतका के पति ने अपने छोटे बेटे सतीश सिकरवार और बहू राधा पर मारपीट करने और पत्नी को कथित तौर पर जबरन जहरीली गोलियां खिलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे सिद्ध नगर स्थित मकान में हुई। यहां सोबरन सिंह सिकरवार अपनी पत्नी जलदेवी के साथ रहते थे। बताया गया है कि मकान में हिस्से को लेकर परिवार में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था।
सोबरन सिंह के आरोप के मुताबिक, रविवार रात उनका छोटा बेटा सतीश घर पहुंचा और मकान में हिस्सा देने की बात कहने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सतीश ने पिता के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें कमरे में रखे तख्त पर पटक दिया। शोर सुनकर जलदेवी गैलरी में पहुंचीं। सोबरन सिंह का आरोप है कि इसी दौरान सतीश ने जलदेवी की गर्दन पकड़ ली, जबकि उसकी पत्नी राधा ने कथित तौर पर जलदेवी के मुंह में कीटनाशक की गोलियां डालकर पानी पिला दिया। कुछ देर बाद जलदेवी की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ग्वालियर के जेएएच अस्पताल रेफर किया। माधव डिस्पेंसरी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजन शव को मुरैना लेकर आए, जहां सोमवार को कोतवाली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को जलदेवी के हाथ में सल्फास की गोलियों की डिब्बी मिलने की बात भी सामने आई है। मृतका के बेटे मनिंदर सिंह ने बताया कि मकान के हिस्से को लेकर करीब 15 दिनों से विवाद चल रहा था। उसका आरोप है कि छोटा भाई माता-पिता से अभद्र व्यवहार कर रहा था। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि जलदेवी की मौत हुई है और पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।