Sagar- नुक्कड़ नाटक से विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर दिया गया बड़ा संदेश
सागर जिले के देवरी में विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर एम.पी. फार्मासिस्ट एसोसिएशन की ओर से सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन के दौरान फार्मासिस्टों और मेडिकल संचालकों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम एम.पी. फार्मासिस्ट एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी, शिक्षाविद और बीकेपी कॉलेज के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा तथा ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. पूजा परमार मौजूद रहीं।
अतिथियों ने फार्मासिस्टों और मेडिकल संचालकों के सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा केवल मरीज का उपचार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के मौके पर अस्पताल परिसर में मौजूद फार्मासिस्टों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों और एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने फार्मासिस्टों को उनके स्वास्थ्य सेवा में योगदान के लिए सम्मानित किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित शिव मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों ने पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। आयोजन में बीकेपी फार्मेसी कॉलेज के विद्यार्थियों और स्टाफ ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।
वहीं, कार्यक्रम का एक खास आकर्षण फार्मेसी विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। नाटक के जरिए नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त समाज की जरूरत को प्रभावी तरीके से सामने रखा गया। विद्यार्थियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में अमित तिवारी, मनोज रजक, राजेश प्यासी, हृदेश हजारी, अरिहंत जैन, जगदीश पटेल ‘जग्गी’, महेंद्र सेन, राहुल पटेल, भूपेंद्र ठाकुर ‘बंटू’ सहित नगर के फार्मासिस्ट, मेडिकल संचालक, विद्यार्थी और कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा। विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया।