सागर में रैपिडो बाइक राइडर्स की हड़ताल, किराया बढ़ाने की मांग
सागर शहर में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म रैपिडो के माध्यम से बाइक राइडिंग का काम करने वाले गिग वर्कर्स ने किराया बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों से करीब 250 से 300 बाइक राइडर्स ने राइड स्वीकार करना बंद कर दिया है। राइडर्स शहर के सिविल लाइन, कटरा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में एकत्रित होकर अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
बाइक राइडर्स का कहना है कि कंपनी की ओर से लगातार प्रति किलोमीटर मिलने वाले किराए में कमी की जा रही है, जबकि पेट्रोल, वाहन रखरखाव और अन्य खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। राइडर्स के मुताबिक पहले उन्हें करीब 9 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान मिलता था, लेकिन अब यह राशि घटाकर करीब 6 रुपए प्रति किलोमीटर कर दी गई है। उनका कहना है कि इस राशि में कंपनी का कमीशन भी शामिल होता है, जिसके बाद उनके हाथ में मिलने वाली रकम और कम हो जाती है।
राइडर्स का कहना है कि मौजूदा महंगाई में इतने कम किराए पर बाइक चलाना आर्थिक रूप से मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि एक ओर ईंधन और वाहन के रखरखाव पर खर्च बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रति राइड मिलने वाली राशि कम की जा रही है।
गिग वर्कर्स की प्रमुख मांग है कि प्रति किलोमीटर किराया बढ़ाया जाए और राइडर्स को पर्याप्त संख्या में राइड उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं होता, तब तक विरोध जारी रहेगा।