सागर- किचन में घुसा 8 फीट लंबा सांप, गैस टंकी के पीछे छिपा; स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू
सागर में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर की किचन में करीब 8 फीट लंबा सांप घुस आया। सांप गैस टंकी के पीछे छिपकर बैठा था। परिवार की महिला जब किचन में पहुंची, तो अचानक उसकी नजर सांप पर पड़ी। इतने बड़े सांप को देखकर महिला घबरा गई और तुरंत किचन से बाहर निकल आई। उसने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला सागर के बहेरिया तिगड्डा के पास स्थित रुसल्ला क्षेत्र का बताया जा रहा है। सांप के घर में होने की जानकारी मिलते ही परिवार के सभी लोग बाहर निकल आए। चूंकि सांप काफी बड़ा था और किचन में गैस टंकी के पीछे छिपा हुआ था, इसलिए परिवार ने उसे खुद पकड़ने का जोखिम नहीं उठाया। इसके बाद स्नेक कैचर बबलू पवार को सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही स्नेक कैचर मौके पर पहुंचे और सांप के रेस्क्यू का काम शुरू किया। सांप गैस टंकी के पीछे ऐसी जगह छिपा था, जहां उसे पकड़ना आसान नहीं था। काफी सावधानी और मशक्कत के बाद स्नेक कैचर ने सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्नेक कैचर बबलू पवार के मुताबिक, रेस्क्यू किया गया सांप घोड़ा पछाड़ प्रजाति का है और उसकी लंबाई करीब 8 फीट है। सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई।
स्नेक कैचर ने बताया कि बारिश के मौसम में अक्सर सांप और दूसरे जीव-जंतु सुरक्षित स्थान की तलाश में अपने ठिकानों से बाहर निकलते हैं। संभव है कि यह सांप भी बारिश से बचने के लिए घर के अंदर पहुंचा हो और किचन में गैस टंकी के पीछे छिप गया हो। घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि, किचन जैसी जगह पर इतने बड़े सांप के मिलने से आसपास के लोग भी हैरान रह गए। स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में घर के आसपास साफ-सफाई रखें। अगर घर या आसपास सांप दिखाई दे, तो उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विशेषज्ञ या स्नेक कैचर को सूचना दें। इससे किसी अप्रिय घटना से बचने के साथ सांप को भी सुरक्षित बचाया जा सकता है।