सागर- तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी कट, तीन-चार बार पलटा ऑटो | SAGAR TV NEWS |
सागर के सिविल लाइन मकरोनिया रोड पर सोमवार दोपहर तेज रफ्तार कार की वजह से एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा हॉक कैंटीन के पास हुआ। दुर्घटना में ऑटो चालक समेत ऑटो में सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि मकरोनिया रोड पर ऑटो तेज रफ्तार में जा रहा था। इसी दौरान सामने से या पास से गुजर रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को कट मार दिया। कार की चपेट में आने से बचने के प्रयास में ऑटो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने के कारण ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन से चार बार पलट गया।
ऑटो के पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकालने में मदद की। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद 112 वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस और राहत दल ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। ऑटो चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि घायल महिला और युवती को उपचार के लिए नारायण नर्सिंग होम ले जाया गया।
फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने के कारण ऑटो अनियंत्रित हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।