करंट से भाजपा युवा मोर्चा नेता की मौत, पोल छूते ही लगा जोरदार झटका; महिला भी आई चपेट में
मध्यप्रदेश के भोपाल के एमपी नगर इलाके से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि दिव्यऋषि तिवारी इलाके में शॉपिंग के लिए पहुंचे थे और सड़क पार करते समय पोल के संपर्क में आ गए। घटना में एक महिला के भी करंट की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, दिव्यऋषि तिवारी सड़क पार करने के लिए डिवाइडर की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने संतुलन बनाने के लिए सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के पोल को हाथ से पकड़ लिया। पोल में करंट होने के कारण उन्हें जोरदार झटका लगा और वह मौके पर गिर पड़े।
घटना के समय वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्काल बचाव की कोशिश शुरू की। प्रत्यक्षदर्शी हेड कॉन्स्टेबल जगदीश दांगी ने उन्हें CPR देने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिसकर्मी दिव्यऋषि तिवारी को उपचार के लिए एम्स लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के दौरान एक महिला के भी करंट की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने महिला को भी संभाला। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट कैसे आया। प्रारंभिक जानकारी में पोल के आसपास खुले तार होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि विद्युत कनेक्शन में गड़बड़ी किस वजह से हुई और पोल में करंट पहुंचने का वास्तविक कारण क्या था। एमपी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बिजली के पोल, कनेक्शन और मौके की विद्युत व्यवस्था से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद संबंधित क्षेत्र में सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर आवाजाही भी रोकी गई।
वहीं, पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि इस कट पॉइंट पर पिछले कुछ दिनों में कई लोगों को करंट लगने की शिकायत मिली थी। अब इन शिकायतों और मौके की विद्युत व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटी है।R