घाटी पर ट्राला चालक की लापरवाही से लगा जाम, मालिक और ड्राइवर पर FIR, 4 घंटे तक लगा रहा जाम
घाटी पर ट्रेलर चालक की लापरवाही देखने को मिली। भारी भरकम ट्राले के खड़े होने से लंबा जाम लग गया। लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद अब बड़ी कार्यवाई की गयी है जहां ट्राला मालिक और ड्राइवर पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामला पन्ना जिले के मड़ला घाटी क्षेत्र का है। जहां डीजल खत्म होने के बाद वाहन खड़ा होने से बड़ा जाम लग गया था।
दरअसल मड़ला घाटी में लगातार भीषण जाम से लोग परेशान हैं। पन्ना कलेक्टर और एसपी के कड़े रुख के बाद यातायात पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। मड़ला घाटी की चढ़ाई पर लापरवाही के कारण 4 घंटे तक जाम लगाने वाले एक ट्राला चालक और उसके मालिक पर सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के मुताबिक महाकाल ग्रुप (सतना) की एनआरएस कंपनी का एक ट्राला घाट की चढ़ाई चढ़ रहा था। तभी अचानक उसका डीजल खत्म हो गया। बीच रास्ते में गाड़ी बंद होने से घाटी में 3 से 4 घंटे तक भीषण जाम लग गया। जिससे राहगीर और यात्री परेशान रहे। इस बात की खबर मिलते ही यातायात थाना प्रभारी नीलम लक्षकार की टीम मौके पर पहुंची और मुस्तैदी से ट्रेलर को हटवाकर पन्ना-छतरपुर मार्ग पर यातायात बहाल कराया।
पुलिस ने अमानगंज निवासी चालक शुभम विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर मड़ला थाने भेजा था। बीएनएसएस की धारा 163 के तहत चालक और वाहन मालिक दोनों पर मामला दर्ज किया गया। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से बिना चेकिंग और लापरवाही से गाड़ियां ले जाने वाले ट्रांसपोर्टरों और चालकों में हड़कंप मच गया है।