शाही मस्जिद को लेकर फैला तनाव, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, छावनी बना पूरा इलाका
उज्जैन में शाही मस्जिद को लेकर तनाव फ़ैल गया। मस्जिद से जुड़े हिस्से को हटाए जाने को लेकर स्थिति ऐसी बिगड़ी की पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। मौके पर भारी संख्या में लोग जमा हो गए थे। क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती भी बढ़ा दी गयी है। वहीं दूसरी तरफ कलेक्टर ने कहा है की किसी भी अफवाहों पर ध्यान न दें।
बता दें की उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के तहत शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण के बीच छतरी चौक स्थित शाही मस्जिद से जुड़े हिस्से को हटाया जाना है। जिसको लेकर तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर जमा भीड़ को हटाने पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। स्थिति को देखते हुए शहर भर में अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2,500 से ज्यादा पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं। खुद एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर मौजूद हैं जो स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार हालात को नियंत्रित करने में जुटी हैं।
मामले में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने चौड़ीकरण की कार्रवाई को लेकर बयान जारी करते हुए कहा की सिंहस्थ 2028 के विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं और चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्सों को अलग-अलग व्यक्ति, धर्म और समुदाय के लोग अपनी स्वेच्छा से हटा रहे हैं। कलेक्टर बोले की छतरी चौक पर स्थित धर्मस्थल के चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को भी समाजजनों द्वारा खुद हटाने का कार्य किया गया है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। विकास कार्यों में सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है मौके पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। प्रशासन की कोशिश है कि स्थिति को नियंत्रित रखते हुए चौड़ीकरण से जुड़े कार्य आगे बढ़ाए जाएं।------