Sagar -खुरई में खुले ट्रांसफार्मर की च पेट में आई गाय, मौके पर मौ त; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सागर जिले के खुरई में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खैरा नाका इलाके में सड़क किनारे खुले में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर और बॉक्स की चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं हिंदू संगठन ने बिजली विभाग से शहर में खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, खुरई के खैरा नाका क्षेत्र में सड़क किनारे बिजली का ट्रांसफार्मर खुले में लगा हुआ है। इसी ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से एक गाय की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर और बिजली के बॉक्स खुले में लगे हुए हैं। इन जगहों के आसपास आम लोगों के साथ मवेशियों की भी आवाजाही रहती है। ऐसे में खुले बिजली उपकरण कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं।
गाय की मौत की घटना के बाद जय महाकाल हिंदू संगठन के सदस्य बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने विद्युत मंडल अधिकारी के नाम कर्मचारी को ज्ञापन सौंपकर शहर में खुले ट्रांसफार्मरों और बिजली के बॉक्स को सुरक्षित करने की मांग की।
संगठन ने मांग की है कि शहर में लगे सभी खुले ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कराया जाए। जहां जरूरत हो, वहां ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित ऊंचाई पर लगाया जाए और उनके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि आम लोगों और मवेशियों को करंट की चपेट में आने से बचाया जा सके।
संगठन के सदस्यों का कहना है कि खैरा नाका की घटना एक चेतावनी है। अगर समय रहते खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित नहीं किया गया तो भविष्य में किसी इंसान के साथ भी गंभीर हादसा हो सकता है।
अब देखना होगा कि ज्ञापन और शिकायत के बाद बिजली विभाग शहर में खुले ट्रांसफार्मरों को लेकर क्या कदम उठाता है और सुरक्षा व्यवस्था में कब तक सुधार किया जाता है।