Sagar - अवैध शराब और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर; CCTV लगाने की अपील, पुलिस की जनचौपाल
पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए रविवार को सागर जिले के मालथौन बस स्टैंड पर जनचौपाल का आयोजन किया गया। जनचौपाल में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों और व्यापारियों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए। इस दौरान अवैध शराब, नशे, जुआ-सट्टा और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।
जनचौपाल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, एसडीओपी आईपीएस काजल सिंह, तहसीलदार रामप्रताप सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला और थाना प्रभारी दिनेश भोजक मौजूद रहे। अधिकारियों ने नागरिकों से कहा कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को समय पर घटनाओं, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलना जरूरी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कारोबार नजर आए तो इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। खास तौर पर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। जनचौपाल के दौरान पुलिस की ओर से अवैध गतिविधियों से संबंधित सूचना देने के लिए नंबर भी जारी किया गया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे इस माध्यम से आवश्यक जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं। पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही बाजार, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि CCTV कैमरे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ किसी घटना के बाद जांच और संदिग्धों की पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला ने सहकारी शराब दुकान की गतिविधियों पर नजर रखने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाना चाहिए कि शराब दुकान से आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब की सप्लाई न हो।
जनचौपाल में नागरिकों और व्यापारियों ने भी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव अधिकारियों के सामने रखे। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आमजन से मिलने वाली सूचनाओं और सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और पुलिस-जनता के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।