पुरानी कहासुनी में युवक पर फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार; कट्टा और जिंदा राउंड बरामद | SAGAR TV NEWS
शहर के गोपालपुरा इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर फायरिंग करने के मामले में एमपी के मुरैना जिले के कोतवाली पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, घटना 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे वनखंडी रोड स्थित आर्या मेडिकल के सामने गोपालपुरा में हुई। बताया गया कि अभिषेक सिकरवार अपने दोस्तों के साथ वहां खड़ा था। इसी दौरान भानु भदौरिया अपने कुछ साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों से मौके पर पहुंचा।
आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने अभिषेक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर अभिषेक को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक आरोपी के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शनी पुत्र धर्मवीर घुरैया, निवासी बनखंडी सेड़, गोपालपुरा को जिम चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और आगे की कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया। हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस अब फायरिंग की घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।