Sagar -खुरई में महिला के गले से 2 लाख का मंगलसूत्र झपटा, बाइक सवार बदमाश फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस
सागर जिले के खुरई में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब महाकाली मंदिर के पीछे इलाज कराकर अपनी मां के साथ घर लौट रही एक महिला को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बनाया। आरोप है कि दोनों युवकों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और वारदात के बाद झंडा चौक की ओर फरार हो गए।
घटना खुरई के महाकाली मंदिर के पीछे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ममता पति प्रेमनारायण विश्वकर्मा अपनी मां के साथ निजी अस्पताल से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे।
महिला के मुताबिक, बाइक सवारों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और मंगलसूत्र खींच लिया। अचानक हुई इस वारदात से महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर झंडा चौक की तरफ भाग निकले।
महिला ने पुलिस को बताया कि छीना गया मंगलसूत्र सोने का था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। घटना के बाद महिला अपने पति के साथ शहरी थाने पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात वाली जगह के आसपास और आरोपियों के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में इस्तेमाल बाइक कौन-सी थी और आरोपी किस दिशा में फरार हुए।
लगातार सामने आ रही स्नेचिंग की घटनाओं के बीच इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।