Sagar -कंटेनर के नीचे फंसी बाइक 200 मीटर तक घिसटी; दो लोगों की मौत | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के खुरई के रजवांस में नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कंटेनर के नीचे फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में बाइक सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना रजवांस नगर में पेट्रोल पंप के पास हाईवे की पुलिया पर हुई। बताया जा रहा है कि शेर सिंह आदिवासी, निवासी बंदरावठा, थाना पठारी, जिला विदिशा और मिथिलेश आदिवासी, निवासी तिगराखुर्द, थाना बांदरी, बाइक से बंडा के बछरावनी गांव में रिश्तेदार की गमी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कंटेनर के नीचे फंस गई और वाहन के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं हादसे में शामिल कंटेनर क्रमांक NL 01 AD 2636 को जब्त कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से करीब 50 गांवों के लोग आवागमन करते हैं, लेकिन पर्याप्त सर्विस रोड नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को मुख्य हाईवे पर ही आना-जाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने एनएचएआई और प्रशासन से सर्विस रोड के साथ-साथ ओवरब्रिज और अन्य सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों को मुख्य हाईवे पर खतरनाक तरीके से आवागमन न करना पड़े और भविष्य में इस तरह के हादसों को कम किया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम का माहौल है।