Sagar -ओवरटेक के दौरान टमाटर से भरा ट्रक पलटा, खड़ी अर्टिगा को मारी टक्क र; 3 घायल | SAGAR TV NEWS
सागर जिले के खुरई के रजवांस में नेशनल हाईवे-44 पर एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। तेज रफ्तार टमाटर से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़ी अर्टिगा कार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रक सवार तीन लोग घायल हुए हैं। गनीमत रही कि जिस समय ट्रक ने कार को टक्कर मारी, उस वक्त कार सवार लोग वाहन से बाहर थे। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार टमाटर से भरा ट्रक क्रमांक RJ 11 GD 6113 नेशनल हाईवे-44 से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान हाईवे किनारे खड़ी अर्टिगा कार से ट्रक की टक्कर हो गई।
टक्कर लगते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। ट्रक में टमाटर भरे होने के कारण हादसे के बाद सड़क पर टमाटर भी बिखर गए। हादसे के चलते मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि अर्टिगा कार में सवार लोग मंडला जिले के रहने वाले हैं। परिवार के एक सदस्य को जम्मू-कश्मीर छोड़ने के लिए वे यात्रा कर रहे थे। रास्ते में बाथरूम जाने के लिए उन्होंने कार को हाईवे किनारे खड़ा किया था और सभी लोग वाहन से बाहर निकल गए थे। इसी दौरान ट्रक ने कार को टक्कर मार दी।
वहीं पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि बांदरी क्षेत्र में मारपीट के बाद ट्रक चालक तेज रफ्तार में वाहन लेकर भाग रहा था। हालांकि इस घटना और सड़क हादसे के बीच क्या संबंध है, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही रजवांस चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल मालथौन अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर, ट्रक की रफ्तार और बांदरी में हुई कथित मारपीट से जुड़े घटनाक्रम की भी जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।