Sagar -बीना में बाइक को ट क्क र के बाद हाई वो ल्टेज हंगा मा, पुलिस से भि ड़े एल्डरमैन; सड़क पर बैठे तो थम गया ट्रैफिक
सागर जिले के बीना में बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद बोलेरो रोकने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर हंगामे की स्थिति बन गई। बीना-खिमलासा रोड पर हुए हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। घायल को पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, बोलेरो को थाने ले जाने की कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के मनोनीत पार्षद पुलिस से बहस करने लगे और बाद में सड़क पर बैठ गए। इसके चलते सर्वोदय चौराहे पर करीब 15 से 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, बीना के कोर्ट के पास बोलेरो क्रमांक MP 04 CC 7361 ने बाइक सवार धनोरा निवासी भविष्य अहिरवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पूर्व मंत्री प्रभु सिंह ठाकुर घायल को अपनी कार से सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया।
इधर हादसे के बाद पुलिस ने बोलेरो चालक आनंद जड़िया को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, चालक वाहन लेकर आगे निकल गया। बाद में पुलिस ने सर्वोदय चौराहे पर बोलेरो को रोक लिया और उसे थाने ले जाने की कार्रवाई शुरू की।
इसी दौरान चालक के पिता और बीना नगर पालिका में मनोनीत पार्षद रमेश जड़िया मौके पर पहुंच गए। बोलेरो को थाने ले जाने की कार्रवाई को लेकर उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। विवाद बढ़ने के बाद रमेश जड़िया सड़क पर बैठ गए।
उनके सड़क पर बैठने के कारण सर्वोदय चौराहे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और करीब 15 से 20 मिनट तक यातायात व्यवस्था बाधित रही। मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।
इसके बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां भी बहस की स्थिति बनने की बात सामने आई। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के साथ-साथ बोलेरो रोकने के दौरान हुए पूरे विवाद की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।