गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, 13 किलो से ज्यादा गांजा बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार, एक फरार
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एमपी के ग्वालियर जिले के डबरा सिटी पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों के कब्जे से 13 किलो 128 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये है।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों का एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। जानकारी के अनुसार डबरा सिटी थाना पुलिस को मगरोरा रोड पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। इसी दौरान दो युवकों को संदिग्ध बैग के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम गौरव सेन और सोनेश नामदेव बताया।
पुलिस ने दोनों युवकों के पास मौजूद थैलों की तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ। गांजे का वजन कराने पर कुल मात्रा 13 किलो 128 ग्राम निकली। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर गांजा उड़ीसा से लाकर ग्वालियर लाए जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस खेप को ग्वालियर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में सप्लाई किया जाना था। हालांकि गांजे की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुलिस जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के मुताबिक, आरोपियों की धरपकड़ के दौरान उनका एक साथी पुष्पेंद्र साहू मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले में डबरा थाना पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के साथ फरार आरोपी के खिलाफ भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप किसके कहने पर लाई गई थी और इसके पीछे तस्करी का नेटवर्क कितना बड़ा है। फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।