आधी रात सराफा दुकान में चोरी, 900 ग्राम चांदी समेत लाखों का माल पार; फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए सुराग
चोरों ने आधी रात एक सराफा दुकान को निशाना बनाकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी। एमपी के सागर संभाग के छतरपुर बकस्वाहा नगर में कन्या हाईस्कूल के पास स्थित कृति ज्वेलर्स में अज्ञात चोर शटर का लॉक उचकाकर अंदर दाखिल हुए और करीब 900 ग्राम चांदी के जेवरात व पूजन सामग्री समेत करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। चोर दुकान से लेन-देन से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि 25 सितंबर की रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकान संचालक संतोष सोनी अपनी दुकान पर पहुंचे तो शटर आधा खुला हुआ मिला। संदेह होने पर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और चांदी का माल गायब था।
दुकान संचालक के मुताबिक, चोरी गए सामान में करीब 400 ग्राम चांदी की अंगूठियां, 300 ग्राम चांदी की मढ़ित पूजन सामग्री और 200 ग्राम चांदी के ताबीज सहित अन्य सामान शामिल है। इसके अलावा दुकान में रखा एक थैला भी गायब मिला, जिसमें दुकान के लेन-देन और लेखा-जोखा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। वारदात की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक ने बकस्वाहा थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। छतरपुर डीएसपी रजनी गुप्ता और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने दुकान से संभावित सुराग जुटाए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। वहीं थाना प्रभारी प्रशांत सेन ने मामले के खुलासे के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस निगरानीशुदा और संभावित बदमाशों की जानकारी जुटाने के साथ उनकी धरपकड़ के प्रयास में लगी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंचती है और चोरी गया माल कब तक बरामद होता है।