अंत्येष्टि में जा रहा परिवार हादसे का शिकार, ट्रक से भिड़ी बोलेरो; 5 की मौत, 3 घायल
एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे एक ही परिवार के पांच लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक, मध्यप्रदेश के एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले में बिजावर से बोलेरो कार में सवार होकर रैकवार परिवार के लोग बगोता में आयोजित अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम चौका के पास उनकी बोलेरो की एक ट्रक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार में सवार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल का मंजर बेहद दर्दनाक था।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई। लोगों ने क्षतिग्रस्त बोलेरो से घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की सूचना के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया। जिस परिवार के लोग किसी अपने की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए निकले थे, उसी परिवार को रास्ते में पांच अपनों की मौत की खबर ने तोड़कर रख दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। आखिर बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर किस वजह से हुई, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं तीन घायलों की हालत को देखते हुए डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।