ई-रिक्शा की सीटों के नीचे छिपी 14 पेटी अवैध शराब पकड़ी, नाबालिग चालक हिरासत में | SAGAR TV NEWS |
शहर में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्टेशन रोड थाना पुलिस ने एक ई-रिक्शा से बड़ी मात्रा में शराब बरामद की है। शनिवार दोपहर रेलवे ओवरब्रिज पर पुलिस ने ई-रिक्शा को रोककर तलाशी ली तो उसकी सीटों के नीचे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब की संख्या करीब 14 पेटी और लगभग 700 बोतल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार एमपी के मुरैना जिले के स्टेशन रोड थाना पुलिस को शनिवार दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि शिकारपुर बायपास के रास्ते अवैध शराब से भरा एक ई-रिक्शा मुरैना शहर में प्रवेश करने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सुभाषनगर और रेलवे ओवरब्रिज क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई और रेलवे ओवरब्रिज पर घेराबंदी कर संदिग्ध ई-रिक्शा को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को ई-रिक्शा की सीटों के नीचे शराब के पाव छिपे मिले। पुलिस ने जब पेटियां बाहर निकालीं तो बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। इनमें 12 पेटी सादा देसी शराब और 2 पेटी देसी मसाला शराब बताई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, ई-रिक्शा की सीटों के नीचे ज्यादा शराब छिपाने के लिए पेटियों से पाव निकालकर अलग-अलग जगहों पर रखा गया था। तलाशी के दौरान जब शराब के पाव बाहर निकाले गए तो सड़क पर बड़ी संख्या में बोतलें दिखाई देने लगीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा चला रहे 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब ग्वालियर के हजीरा क्षेत्र से मुरैना लाई जा रही थी। पुलिस के अनुसार नाबालिग ने हजीरा क्षेत्र में अमित नाम के युवक के यहां से शराब लोड किए जाने की जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने शराब को मुरैना के वनखंडी या संजय कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाले पंकज सिकरवार तक पहुंचाने की बात भी बताई है। हालांकि, इन दावों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। स्टेशन रोड थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि नाबालिग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही शराब के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।