sagar- रहली में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, नमामि भारतम् में दिखी राष्ट्रभक्ति की अद्भुत झलक |SAGAR TV NEWS
सागर जिले के रहली में भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम के अमर मंत्र वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु मंदिर रहली में नमामि भारतम् नाम से भव्य सामूहिक गायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में विद्यार्थियों और नगर के प्रबुद्धजनों ने देशभक्ति के भावों के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रकाश मिश्रा उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ चालक उमेश वैद्य ने की। मुख्य वक्ता के रूप में इंक मीडिया के संचालक आशीष द्विवेदी ने उपस्थित जनसमूह और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मुख्य वक्ता आशीष द्विवेदी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा, भारत विविधताओं का देश है, जहाँ विभिन्न भाषाएँ और जातियों के लोग निवास करते हैं।
जब तक यह वैविध्य बना रहेगा, तब तक देश की चेतना जीवंत रहेगी। वर्तमान समय में विभिन्न जातियों, पंथों और विचारों के बीच मतभेद व घमासान देखने को मिल रहा है, ऐसे समय में सनातन परंपरा ही एकमात्र ऐसा विचार है जो सभी को साथ लेकर चलता है। हम पहाड़ों, नदियों, अवतारों और तीर्थंकरों को पूजने वाले लोग हैं, हमारे भीतर किसी प्रकार का भेद नहीं है।
कार्यक्रम को आयोजन संयोजक रचित दुबे एवं अध्यक्षता कर रहे उमेश वैद्य ने भी संबोधित किया और वंदे मातरम् के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्त्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य विनोद दुबे ने सभी अतिथियों, प्रबुद्धजनों, आचार्यों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।