सागर सहित देशभर में 3 दिवसीय बैंक हड़ताल, रविवार को भी खुलेंगे बैंक
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आयोजित इस हड़ताल के दौरान सागर में भी बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करेंगे।
हड़ताल के तहत सागर में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय वित्त मंत्रालय एवं इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के लिए सांकेतिक रूप से सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे।
प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए बैंकों द्वारा अपने ग्राहकों को मोबाइल संदेश एवं अन्य संचार माध्यमों से आवश्यक सूचनाएं दी जा रही हैं। बैंकों ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल की अवधि में आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही ग्राहकों से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए आवश्यक बैंकिंग लेनदेन पहले ही पूरे कर लें।
ग्राहकों को नकदी की आवश्यकता के लिए एटीएम एवं ऑटोमेटेड डिपॉजिट-कम-विड्रॉल मशीन (ADWM) का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त ग्राहक सेवा केंद्रों, इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई एवं अन्य डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के माध्यम से आवश्यक लेनदेन करने का अनुरोध किया गया है।
हड़ताल से पहले ग्राहकों को आवश्यक बैंकिंग लेनदेन पूरा करने की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार, 27 सितंबर को भी बैंक शाखाएं खोले जाने की जानकारी दी गई है, ताकि ग्राहक हड़ताल शुरू होने से पहले अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे कर सकें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 एवं 29 सितंबर को भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की सिविल लाइन शाखा के सामने धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। वहीं, 30 सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया (BOI) की गुजराती बाजार शाखा के सामने बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी प्रदर्शन करेंगे।