मक्के के खेत से आ रही थी रोने की आवाजे पास जा कर देखा तो राहगीरों के उड़ेहोश
एमपी के रायसेन जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के खामखेड़ा गांव में मक्के के खेत की मेड़ पर एक नवजात शिशु जिंदा हालत में मिला। गणेश विसर्जन के लिए जा रहे लोगों की नजर जब मासूम पर पड़ी, तो उन्होंने इसकी सूचना ग्रामीण चौकीदार को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खामखेड़ा से मोइया गांव जाने वाली सड़क किनारे अमित यादव के मक्के के खेत की मेड़ पर नवजात पड़ा हुआ मिला। बच्चे के मिलने की खबर इलाके में तेजी से फैल गई।
सूचना मिलने के बाद सुल्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। डॉक्टर संजय मीणा के मुताबिक, नवजात का वजन करीब 1 किलो 200 ग्राम है। प्राथमिक जांच में बच्चे की हालत स्वास्थ्य बताई गई है।
बेहतर उपचार और निगरानी के लिए नवजात को 108 एंबुलेंस की मदद से सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका आगे उपचार किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं थाना प्रभारी दिनेश रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को खेत की मेड़ पर कौन छोड़कर गया और उसकी मां कौन है। आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ पुलिस संभावित सुरागों की तलाश कर रही है।
फिलहाल नवजात को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। नवजात को इस तरह छोड़ने के पीछे क्या वजह थी, यह भी जांच का विषय है।