सागर- गणपति बाप्पा की ऐसी विदाई की देर रात तक चला विसर्जन, गूंजते रहे जयकारे | SAGAR TV NEWS |
शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का मौक़ा था। सुबह से शुरू हुआ गणपति बाप्पा के विसर्जन का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। विदाई भी मामूली नहीं बल्कि पूरे उत्साह के साथ दी गयी। सागर जिले के राहतगढ़ में गणेश विसर्जन का कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। नगर में जगह-जगह से चल समारोह निकाले गए। डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते हुए नज़र आये। एक तरफ छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन जहां लगातार होता रहा। वहीं अधिकतर बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन चल समारोह के बाद रात के समय हुआ। सभी घाटों पर प्रशासन द्वारा चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गयी थी। जगह-जगह पुलिस समेत प्रशासन की टीमें तैनात थी।
छोटे-छोटे बच्चों में भी गज़ब का उत्साह देखने को मिला। वह भी बाप्पा को विदाई देने पहुंचे थे। बीना नदी के ज्यादातर घाटों बनेनी घाट, बड़ा पुल और चौकी के देहरा नाले में मूर्तियों का विसर्जन किया गया। राहतगढ़ नगर के गणेश मंडलों ने अपनी झांकियां रात 9 बजे के आस-पास निकलना शुरू किया था।
चल समारोह पुराने थाने सें शुरू किया गया। जहां से बुधवारा, झंडा चौक, संजय मार्केट, बस स्टैंड, फिर बाजार और पुराना थाना होते हुए बनेनी घाट पर समाप्त हुआ। घाटों पर नावें तैनात थी जिसके सहारे प्रतिमाओं का विसर्जन शनिवार सुबह करीब 4 बजे तक चलता रहा। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाएं चाक चौबंद रही। पुलिस, राजस्व, एमपीईबी, स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद की टीमें सम्बंधित जगहों पर तैनात थी। इस दौरान विसर्जन कार्यक्रम सौहार्द के साथ संपन्न हुआ।