Sagar- बारिश में भी नहीं टूटा हौसला, धूमधाम से बाप्पा को दी विदाई, देर रात तक निकला चल समारोह
कभी रिमझिम बारिश की फुहारें थी तो कभी झमाझम बारिश थी। मौसम का मिज़ाज बदला हुआ था। लेकिन भक्त भी ऐसे जिनके उत्साह में ज़रा भी कमी नहीं थी। देर रात तक गणपति बाप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे गूंजते रहे। विसर्जन के पहले धूमधाम से चल समारोह निकला गया। ये नज़ारा सागर के गढ़ाकोटा क्षेत्र का है। जहां अनंत चतुर्दशी के मौके पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। बड़ी प्रतिमाओं का व्यवस्थित तरीके से हाइड्रा मशीन से विसर्जन हुआ। वहीं घाट पर पूर्व मंत्री और विधायक गोपाल भार्गव की तरफ से प्रसादी का वितरण हुआ।
भले ही पानी बरस रहा था बावजूद इसके जोरों शोरों से बाप्पा की विदाई जारी थी। देर रात तक नगर के प्रमुख मार्गों से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन चल समारोह निकला। अखाड़ों के कलाकारों ने अलग-अलग करतब और प्रदर्शन पेश कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
चल समारोह के दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाते हुए बप्पा को विदाई देते रहे। देर रात बड़े पुल स्थित सुनार नदी घाट पर बड़ी और छोटी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्रशासन की मौजूदगी में किया गया।
विसर्जन स्थल पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन और नगर पालिका की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। तहसीलदार महेश दुबे, थाना प्रभारी शिवम दुबे समेत पुलिस और राजस्व अमला मौजूद रहा। नगर पालिका ने घाट पर पर्याप्त रोशनी, सफाई, तैराक और हाइड्रा मशीन की व्यवस्था की थी। पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने घाट पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण कराया। हाइड्रोलिक मशीन की मदद से बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की गई थी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी ने बताया की गढ़ाकोटा नगर समेत तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों से भी गणेश प्रतिमाएं विसर्जन के लिए पहुंचीं। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।