Sagar -बारिश और ठंडी हवाओं से गिरा तापमान, भारी बारिश का अलर्ट
सागर जिले में मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय होने के बाद एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह से ही जिले के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुककर बारिश और बौछारें देखने को मिल रही हैं। सागर शहर में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और दिनभर बादलों के बीच रुक-रुककर फुहारें गिरती रहीं। ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना होने के साथ ही वातावरण में ठंडक घुल गई है।
शुक्रवार को जिले में दिनभर में 6.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, इस सीजन में अब तक सागर जिले में कुल 825.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। हालांकि, यह आंकड़ा जिले की औसत मौसमी बारिश से करीब 12 इंच कम है। बारिश और ठंडी हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार को सागर का अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से लगभग 7 डिग्री कम है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, न्यूनतम तापमान करीब 22.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट को पार करने के बाद पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी सिस्टम का असर मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। सागर जिले में भी इसका प्रभाव बारिश के रूप में नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने सागर जिले में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ऐसे में आने वाले घंटों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना बनी हुई है।