18 मिनट का ऑपरेशन चोरी ! कटर से ताला काटा, झोले में 30 लाख का माल भरकर फरार हुआ नकाबपोश
शहर में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। नैनागढ़ रोड पर बीयर फैक्ट्री के अकाउंटेंट के सूने घर को एक नकाबपोश चोर ने निशाना बनाया और महज 18 मिनट में करीब 30 लाख रुपये का माल समेटकर फरार हो गया। चोर कटर और हथौड़ी लेकर घर में दाखिल हुआ था। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के वक्त मकान मालिक रक्षाबंधन के चलते अपनी पत्नी को लेकर उसके मायके गया हुआ था। मामला एमपी के मुरैना जिले के नैनागढ़ रोड स्थित काली माता मंदिर के पास का है। अंबाह निवासी राहुल गुप्ता रायरू बीयर फैक्ट्री में अकाउंटेंट हैं और करीब चार साल से किराए के मकान में रह रहे हैं। उनकी पत्नी पिंकी गुप्ता घर के आगे वाले हिस्से में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। रक्षाबंधन के दिन राहुल अपनी पत्नी को लेकर पोरसा स्थित मायके चले गए। घर सूना था और इसी का फायदा चोर ने उठाया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चोर रात करीब डेढ़ बजे घर के आसपास घूमकर रेकी करता रहा। उसके हाथ में कटर और हथौड़ी थी। रात 1 बजकर 52 मिनट पर उसने कटर से मुख्य दरवाजे की कुंडी काटी और अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर नकदी और जेवर समेटे। महज 18 मिनट बाद रात 2 बजकर 10 मिनट पर वह झोला लेकर घर से बाहर निकल गया। बाहर निकलते समय चेहरे पर बंधी साफी खुल गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण चेहरा साफ नजर नहीं आया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब दो लाख रुपये नकद, लगभग 150 ग्राम सोने और 200 ग्राम चांदी के जेवर ले गया। इनमें हार, चेन, अंगूठियां, टॉप्स, नथ, टीका और सोने की चूड़ियां शामिल हैं। परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई है।
चोरी का पता शनिवार दोपहर करीब दो बजे चला, जब मेंहदी सीखने आई एक युवती ने घर का दरवाजा खुला देखा और अंदर सामान बिखरा पाया। उसने पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार को चोरी का पता चला। परिजनों के मुताबिक चोरी हुए जेवर करीब दो महीने पहले ही बैंक से वापस लाए गए थे। इससे पहले इन पर लोन लिया गया था। वहीं, घटना के बाद शहर के बीचोंबीच हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और चोरी गए माल की बरामदगी में जुटी है।