फिर गरमाया नई रेल लाइन का मामला, सड़कों पर उतरे लोगों का सांसद कार्यालय का घेराव, बोले बर्बाद हो जाएंगे !
नई रेल लाइन का मामला एक बार फिर से गरमा गया है। जिसके विरोध में लोग खुलकर सड़कों पर उतर आये हैं। इसी को लेकर दर्जनों की संख्या में किसानों और ईंट भट्टा संचालक सांसद कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों ने अपनी जमीन और आजीविका बचाने मोर्चा खोल दिया। तस्वीरें उज्जैन जिले के नागदा से सामने आई हैं। दरअसल नागदा क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई रेल कॉरिडोर के तहत प्रस्तावित नई रेल लाइनों का विरोध किया जा रहा है। जिससे नाराज लोग सांसद अनिल फिरोजिया के कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। जहां सांसद ने सभी को उचित कार्यवाई का आश्वासन दिया है।
प्रस्तावित योजना के मुताबिक मुंबई से आने वाली मालगाड़ियों के लिए शहर के बाहर एक नया बायपास ट्रैक बनाया जाना है जो सीधे दिल्ली मार्ग से जुड़ेगा। इसके लिए 75 प्रतिशत निजी और 25 प्रतिशत सरकारी जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस नए ट्रैक की वजह से करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले तीन हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हो रहे हैं। इसमें किसानों की उपजाऊ जमीनें, ईंट भट्टे, आवासीय कॉलोनियां, दुकानें और नई मंडी का गेट भी शामिल है।
हंगामा बढ़ता देख सांसद अनिल फिरोजिया ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए उचित आश्वासन दिया है। सांसद ने साफ किया कि नागदा के लोगों की इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी। साथ ही इस पूरे मामले की जानकारी रेलवे के उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर प्रभावितों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। जिससे जनता को बड़ी राहत मिल सके।