Sagar- खेत में पानी घुसने पर बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में खेत में पानी घुसने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई पर पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
गढ़ाकोटा थाना प्रभारी गौरव सिंह तिवारी के अनुसार पांडेय निवासी कन्हई रैकवार और रमेश रैकवार के बीच खेत में पानी घुसने को लेकर विवाद हुआ था। मृतक मानक लाल रैकवार, उम्र करीब 55 वर्ष, अपने खेत पर गया था। बताया जा रहा है कि 26 अगस्त को कन्हई के खेत से पानी बहकर मानक लाल के खेत में पहुंच गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
विवाद बढ़ने पर कन्हई और रमेश ने कथित तौर पर मानक लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पाइप और डंडों से हमला किया गया, जिससे मानक लाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
इलाज के दौरान मानक लाल ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
गढ़ाकोटा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
खेत में पानी जाने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। पुलिस अब हत्या के पीछे विवाद की पूरी वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।